सोमवार, 16 मार्च 2026

सामाजिक कार्यों एवं नारी सशक्तिकरण के लिए ऊषा ठाकुर को “आत्मनिर्भर नारी सम्मान” से सम्मानित

 




नई दिल्ली। महिलाओं को समाज में सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता ऊषा ठाकुर को “आत्मनिर्भर नारी सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान महिला वित्तीय साक्षरता एवं व्यवसाय जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना, उन्हें वित्तीय ज्ञान से जोड़ना तथा स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से आईं महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और महिलाओं के अधिकार, शिक्षा तथा आत्मनिर्भरता पर अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऊषा ठाकुर लंबे समय से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं और विशेष रूप से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, शिक्षा के प्रति जागरूक करने तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके प्रयासों से कई महिलाओं को अपने पैरों पर खड़े होने और समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने की प्रेरणा मिली है।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं समाजसेवी जीतेन्द्र कुशवाहा ने ऊषा ठाकुर के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। इस सम्मान के माध्यम से उनके सामाजिक योगदान और नारी सशक्तिकरण के प्रति समर्पण को सम्मानित किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद ऊषा ठाकुर ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है और वे आगे भी महिलाओं के उत्थान, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें