नियुक्ति के बाद चंदन गुप्ता ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व एवं समस्त पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही पुरानी दिल्ली जिला एवं जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की मजबूत टीम का गठन किया जाएगा तथा जिला स्तरीय बैठक आयोजित कर आगामी छठ महापर्व की तैयारियों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी।
चंदन गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मंच की पूरी टीम प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर घाटों की व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान का हरसंभव प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था का महान पर्व है। इसके सफल आयोजन के लिए सभी कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
अंत में चंदन गुप्ता ने छठ महापर्व समन्वय मंच के संयोजक रजनीश झा सहित संगठन की पूरी टीम का उन पर विश्वास व्यक्त करने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया और विश्वास दिलाया कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
