संवाददाताजितेंद्र कुशवाहा सामाजिक जागरूकता टाइम्स नई दिल्ली कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर प्रकृति सेवा फाउंडेशन (PSF) द्वारा जय विहार (पटना निवास के निकट), नई दिल्ली में बच्चों के लिए एक भव्य "प्रतिभा उत्सव" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों से लगभग 70 प्रतिभाशाली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कला, ज्ञान एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महंथ प्रसाद रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल भारतीय सेना की वीरता का प्रतीक नहीं, बल्कि देशभक्ति, साहस, त्याग और समर्पण की अमर गाथा है। उन्होंने बच्चों से देश के आदर्श, जिम्मेदार एवं संस्कारित नागरिक बनने का आह्वान करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान प्रकृति सेवा फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का अर्जुन का पौधा भेंट कर सम्मान किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत का संदेश दिया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष दिनेश कुमार कुशवाहा, कोषाध्यक्ष विनोद गोला, महासचिव गुलशन कुमार, सचिव जितेंद्र गुप्ता, मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार, सांस्कृतिक सचिव संतोष जायसवाल तथा कार्यकारिणी सदस्य प्रेम कुंद्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर प्रकृति सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष दिनेश कुमार कुशवाहा ने सभी अतिथियों, बच्चों, अभिभावकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में राष्ट्रप्रेम, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता तथा मानवीय मूल्यों का विकास करना है। उन्होंने आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस के भव्य आयोजन में अधिक से अधिक नागरिकों एवं युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
प्रकृति सेवा फाउंडेशन ने यह भी संकल्प दोहराया कि भविष्य में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, रक्तदान, अंगदान एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज में सकारात्मक परिवर्तन और जनसेवा की भावना को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

