संवाददाता – अमित कुमार भाटी माइंस (दिल्ली): क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर भाटी माइंस में आयोजित पंचायत में क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत का स्वागत बाबा रामदेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री बलबीर मुड़ई द्वारा किया गया। उन्होंने बाबा रामदेव जी की स्मृति चिन्ह भेंट कर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर श्री बलबीर मुड़ई ने भाटी माइंस क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया।
ग्रामीणों ने पंचायत के दौरान अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि भाटी माइंस क्षेत्र में रहने वाले लोगों के सामने गंभीर संकट खड़ा है। क्षेत्र की लगभग 60 हजार आबादी के बेघर होने की स्थिति बनी हुई है। वर्षों से रह रहे परिवार अपने घर, जमीन और भविष्य को लेकर चिंता में हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं सरकार से न्यायसंगत समाधान की मांग रखी।
अपने संबोधन में क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने कहा कि भाटी माइंस के लोगों के अधिकारों और न्याय की लड़ाई में क्षत्रिय करणी सेना पूरी मजबूती के साथ आपके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और लोगों की मूलभूत समस्याओं का समाधान होना आवश्यक है।
उन्होंने ग्रामीणों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाते रहें। करणी सेना हर संभव सहयोग और समर्थन देने के लिए तत्पर रहेगी।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत एवं करणी सेना के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। यह दौरा भाटी माइंस के लोगों के लिए नई उम्मीद, विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आया।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें