रिपोर्ट: जितेंद्र कुशवाहा | प्रकाशित: 16 जुलाई 2026 भागलपुर,बिहार के लिए आज का दिन उच्च शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया। बिहार के लोकप्रिय एवं यशस्वी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के 211 नवस्थापित डिग्री महाविद्यालयों में पठन-पाठन कार्य का विधिवत शुभारंभ कर शिक्षा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक प्रखंड तक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने घर के निकट ही स्नातक स्तर की शिक्षा प्राप्त हो सके।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर जिले के ग्राम कासिल, पंचायत सालपुर, प्रखंड गोराडीह स्थित नवस्थापित राजकीय महाविद्यालय (उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, कासिल) परिसर का निरीक्षण किया तथा आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य के युवाओं को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भागलपुर के समग्र विकास को नई दिशा देने वाली कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी कीं। उन्होंने बताया कि भागलपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी, जिससे बिहार के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान के नए अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही, ऐतिहासिक विक्रमशिला विश्वविद्यालय के पुनर्स्थापन की प्रक्रिया को तेज करते हुए अगले एक वर्ष के भीतर इसकी स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने औद्योगिक विकास को गति देने के लिए लगभग 400 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की घोषणा भी की। इसके अलावा, विक्रमशिला सेतु को आगामी 30 नवंबर तक पूर्ण रूप से चालू करने, मुंगेर से भागलपुर तक गंगा मरीन ड्राइव के निर्माण तथा कहलगांव से बटेश्वरधाम तक रोप-वे परियोजना को शीघ्र पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में उद्योग, पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
राज्य सरकार का मानना है कि शिक्षा, आधारभूत संरचना और औद्योगिक विकास को एक साथ आगे बढ़ाकर बिहार को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित किया जा सकता है। 211 नए डिग्री महाविद्यालयों में पठन-पाठन की शुरुआत न केवल लाखों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगी, बल्कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बिहार की नई पहचान भी स्थापित करेगी। भागलपुर के लिए घोषित नई योजनाएँ आने वाले वर्षों में इसे शिक्षा, उद्योग, पर्यटन और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें