पटना, बिहार | 09 जुलाई 2026 | संवाददाता
देशभर में रहने वाले बिहारवासियों की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए बिहारी वेल्फेयर सोसाइटी (BWS) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री संजय भाई ने अपने बिहार प्रवास के दौरान पटना में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विकास पुरुष श्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार भेंट कर देश के प्रत्येक राज्य की राजधानी में "बिहार धर्मशाला" के निर्माण की मांग को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी की पुण्यतिथि पर सामाजिक जागरूकता टाइम्स के संपादक जितेंद्र कुशवाहा ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
ज्ञापन में कहा गया कि प्रतिदिन लाखों बिहारी शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा, प्रतियोगी परीक्षाओं, व्यापार तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए देश के विभिन्न राज्यों की राजधानियों में आते-जाते हैं। ऐसे में यदि प्रत्येक राज्य की राजधानी में बिहार सरकार द्वारा संचालित अथवा सहयोग प्राप्त "बिहार धर्मशाला" की स्थापना की जाती है, तो विद्यार्थियों, मरीजों, श्रमिकों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं आम यात्रियों को सुरक्षित, सुलभ और किफायती आवास उपलब्ध कराया जा सकेगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय भाई ने कहा कि बिहार धर्मशालाएं केवल ठहरने की व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि वे बिहार की समृद्ध संस्कृति, भाषा, साहित्य, लोककला और सामाजिक एकता के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार का भी महत्वपूर्ण केंद्र बनेंगी। इससे देशभर में रहने वाले बिहारवासियों के बीच आपसी सहयोग, भाईचारा और सामाजिक समन्वय को नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह पहल बिहार के लोगों के सम्मान और पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित हो सकती है। संगठन लंबे समय से इस विषय पर कार्य कर रहा है और देशभर के बिहारवासियों का समर्थन भी लगातार प्राप्त हो रहा है।
तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह से आत्मीय मुलाकात, बिहार के विकास को लेकर हुई सार्थक चर्चा
श्री नीतीश कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना तथा इस जनहितकारी सुझाव की सराहना करते हुए इसे सकारात्मक दृष्टिकोण से विचार करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र महतो (छोटन जी) तथा युवा उद्यमी सोहित शर्मा भी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को बिहारवासियों के हित में महत्वपूर्ण बताते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
इस ऐतिहासिक पहल के बाद बिहारी वेल्फेयर सोसाइटी के जनसंपर्क अधिकारी जितेंद्र कुशवाहा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय भाई सहित पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक मांग नहीं, बल्कि देशभर में रहने वाले करोड़ों बिहारवासियों के सम्मान, सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा जनआंदोलन है।
जितेंद्र कुशवाहा ने कहा, "पटना में ज्ञापन सौंपे जाने के बाद अब संगठन शीघ्र ही दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री को भी 'दिल्ली बिहार धर्मशाला' के निर्माण की मांग को लेकर औपचारिक ज्ञापन सौंपेगा। हमारा उद्देश्य है कि देश के प्रत्येक राज्य की राजधानी में बिहार धर्मशाला स्थापित हो, ताकि बिहार से आने वाले विद्यार्थियों, मरीजों, श्रमिकों एवं जरूरतमंद लोगों को सम्मानजनक और किफायती आवास उपलब्ध हो सके।"
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात, कुर्था विधानसभा के विकास को लेकर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
उन्होंने आगे कहा कि बिहारी वेल्फेयर सोसाइटी इस अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर जनसमर्थन के साथ आगे बढ़ाएगी तथा विभिन्न राज्यों की सरकारों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से भी सहयोग प्राप्त करेगी। संगठन को विश्वास है कि यह पहल भविष्य में बिहारवासियों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगी।
बिहारी वेल्फेयर सोसाइटी ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि देश के प्रत्येक राज्य की राजधानी में बिहार धर्मशाला का निर्माण होता है, तो इससे लाखों बिहारवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और बिहार की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती प्राप्त होगी।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें