बुधवार, 29 जुलाई 2026

विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर इतवारी सेवा संस्थान का स्वास्थ्य जागरूकता एवं आयुर्वेद प्रशिक्षण शिविर, BWS ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश




नई दिल्ली, 28 जुलाई।

विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर इतवारी सेवा संस्थान द्वारा संस्था के कार्यालय 107, हरे कृष्णा कॉटेज, छतरपुर एक्सटेंशन, नई दिल्ली में स्वास्थ्य जागरूकता, उपचार एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरि के चित्र पर पुष्पांजलि एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना, आयुर्वेद आधारित जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति समाज को प्रेरित करना था।

यह भी पढ़ें :कुशवाहा नगर महोत्सव में महिलाओं का शानदार प्रदर्शन, गीत-नृत्य और मेहंदी प्रतियोगिताओं ने जीता दिल

कार्यक्रम में मुख्य रिसोर्स पर्सन एवं आयुर्वेद विशेषज्ञ शाही लाल जी ने विभिन्न औषधीय जड़ी-बूटियों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रकृति ने हमें अनेक ऐसी औषधियाँ प्रदान की हैं, जिनके नियमित एवं वैज्ञानिक उपयोग से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि हेपेटाइटिस जैसी बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छता, संतुलित भोजन और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण अत्यंत आवश्यक हैं।

बिहारी वेल्फेयर सोसाइटी (BWS) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय भाई ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ समाज की नींव स्वस्थ परिवार से शुरू होती है। यदि प्रत्येक परिवार अपने खान-पान, स्वच्छता और दैनिक दिनचर्या पर विशेष ध्यान दे तो अनेक गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों से घर-घर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट एवं लेखक डॉ. विजय कुमार प्रसाद ने आयुर्वेद की प्रासंगिकता पर अपने विचार रखते हुए कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ती बीमारियों के बीच आयुर्वेद आज भी सबसे प्रभावी और सुरक्षित चिकित्सा पद्धति है। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने दैनिक जीवन में आयुर्वेद के सिद्धांतों को अपनाएँ तो अनेक रोगों से बचाव संभव है। उन्होंने युवाओं से भारतीय चिकित्सा पद्धति को समझने और अपनाने का आग्रह किया।

संस्था के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए इतवारी सेवा संस्थान के उद्देश्यों एवं समाजहित में किए जा रहे विभिन्न स्वास्थ्य, प्रशिक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्था निरंतर समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता को पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में समाजसेवी मनोज कुमार एवं पूजा देवी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही किसी भी बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

अंत में संस्था की कोषाध्यक्ष पुष्पा लाल मीना ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इतवारी सेवा संस्थान पिछले कई वर्षों से स्वास्थ्य, जनजागरूकता एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है और भविष्य में भी समाजहित के ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य जागरूक नागरिकों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लेकर हेपेटाइटिस से बचाव, आयुर्वेदिक जीवनशैली तथा स्वास्थ्य संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

— संवाददाता: जितेंद्र कुशवाहा
सामाजिक जागरूकता टाइम्स

🔴 आज की ताज़ा खबरें
⏳ खबरें लोड हो रही हैं...