बुधवार, 30 सितंबर 2026

पंकज बिष्ट ने बैंकॉक में जीता गोल्ड मेडल, छतरपुर में हुआ भव्य स्वागत

नई दिल्ली। 58वीं एशियन बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस स्पोर्ट चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 22 से 28 सितंबर तक बैंकॉक, थाईलैंड में किया गया। प्रतियोगिता में 70 किलोग्राम पुरुष बॉडी बिल्डिंग वर्ग में उत्तराखंड के पंकज बिष्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर भारत का परचम लहराया। उनकी इस उपलब्धि पर इंडियन बॉडी बिल्डर्स फेडरेशन सहित खेल प्रेमियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

भारत लौटने के बाद पंकज बिष्ट का दिल्ली के छतरपुर स्थित अंबेडकर कॉलोनी में भव्य स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में उत्तराखंड प्रवासी समाज के लोग उनके स्वागत के लिए एकत्र हुए। छतरपुर मंदिर पहुंचने पर पंकज बिष्ट ने सबसे पहले मां कात्यायनी का आशीर्वाद लिया। इसके बाद प्रधान बलवीर सिंह बर्थवाल, परिवारजनों, समर्थकों और स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। भारत माता की जय के जयकारों के बीच स्वागत जुलूस रावत चौक और अंबेडकर कॉलोनी तक पहुंचा। रास्ते में लोगों ने पुष्पवर्षा कर पंकज बिष्ट को बधाई दी।

पंकज बिष्ट मूल रूप से उत्तराखंड के निवासी हैं और उनका परिवार छतरपुर में रहता है। उन्हें बचपन से ही खेलों के प्रति रुचि रही। उन्होंने कड़ी मेहनत के साथ वेटलिफ्टिंग से अपने खेल सफर की शुरुआत की और बाद में बॉडी बिल्डिंग के क्षेत्र में आगे बढ़े। अपने गुरुओं के मार्गदर्शन, परिवार के सहयोग और निरंतर मेहनत के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया।

इस अवसर पर पंकज बिष्ट ने युवाओं को खेलों से जुड़ने और कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत जारी रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए धैर्य, अनुशासन और निरंतर प्रयास जरूरी है।

अंबेडकर कॉलोनी में पंकज बिष्ट की उपलब्धि को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। निगम पार्षद सहित कई गणमान्य लोगों ने भी पहुंचकर पंकज बिष्ट को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रिपोर्टर: जितेन्द्र कुशवाहा

सामाजिक जागरूकता टाइम्स


🔴 आज की ताज़ा खबरें
⏳ खबरें लोड हो रही हैं...