छठ महापर्व समन्वय मंच के प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा से की मुलाकात, छठ आयोजन से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
नई दिल्ली।छठ महापर्व समन्वय मंच का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय संयोजक रजनीश झा एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण पंजियार के नेतृत्व में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री कपिल मिश्रा से मिला। इस दौरान दिल्ली में छठ महापर्व के आयोजन, छठ समितियों की समस्याओं तथा श्रद्धालुओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर लगभग एक घंटे तक विस्तृत चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में छठ महापर्व के बेहतर, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन को लेकर अपनी प्रमुख मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। बैठक के दौरान मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने विभिन्न विषयों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई और समाधान का आश्वासन दिया।
यमुना नदी में छठ पूजा आयोजन पर चर्चा
छठ महापर्व समन्वय मंच ने मांग रखी कि वर्ष 2019 से पहले की तर्ज पर श्रद्धालुओं को यमुना नदी में छठ पूजा करने की अनुमति एवं उचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। इस पर मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने आश्वासन दिया कि इस बार 2019 से पहले की तर्ज पर छठ पूजा आयोजन करवाने का प्रयास किया जाएगा।
45 दिन पूर्व जारी हो आधिकारिक नोटिफिकेशन
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि दिल्ली सरकार छठ महापर्व से संबंधित आधिकारिक नोटिफिकेशन आयोजन से कम-से-कम 45 दिन पूर्व जारी करे, ताकि छठ समितियों और आयोजकों को आवश्यक तैयारियां करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके। मंत्री जी ने आश्वासन दिया कि अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में नोटिफिकेशन जारी करवाने का प्रयास किया जाएगा।
छठ भवन और छठ आयोग के गठन की मांग
बैठक में दिल्ली में छठ भवन के निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने इस मांग पर सहमति जताते हुए कहा कि इस विषय पर जल्द निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, छठ आयोग के गठन के मुद्दे पर पुनः एक बैठक आयोजित कर विस्तार से चर्चा करने की बात कही गई।
DDA भूमि एवं GRAP में विशेष छूट की मांग
मंच ने DDA की भूमि पर छठ आयोजन के लिए रामलीला एवं अन्य प्रमुख पर्वों की तरह पर्याप्त समय और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही GRAP लागू होने की स्थिति में छठ महापर्व के आयोजन को आवश्यक विशेष छूट देने का मुद्दा भी उठाया गया। मंत्री जी ने संबंधित विभागों से चर्चा कर उचित जानकारी एवं समाधान उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
आयोजन समिति में अनुभवी छठ समितियों की भागीदारी
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि दिल्ली के सभी 13 जिलों से कम-से-कम 10 वर्ष पुरानी एक-एक अनुभवी छठ समिति के प्रतिनिधियों को सरकार की आयोजन समिति में शामिल किया जाए। इस पर मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने कहा कि छठ महापर्व समन्वय मंच के सुझाव पर 13 जिलों से 13 व्यक्तियों को दिल्ली सरकार की आयोजन समिति टीम में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।
छठ को राष्ट्रीय पर्व घोषित करने की मांग
छठ महापर्व को राष्ट्रीय पर्व घोषित करने की मांग पर भी चर्चा हुई। मंत्री जी ने इस विषय पर एक वर्ष का समय मांगते हुए केंद्र सरकार के समक्ष इस संबंध में सिफारिश करने का भरोसा दिलाया।
अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट 2026 में श्री राम कोचिंग सेंटर के विद्यार्थियों ने लहराया परचम
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री श्री कपिल मिश्रा के सकारात्मक रुख एवं सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि आगामी छठ महापर्व से पहले इन महत्वपूर्ण आश्वासनों को धरातल पर लागू किया जाएगा।
रिपोर्टर/संवाददाता: Jitendra Kushwaha
मुख्य संपादक, सामाजिक जागरूकता टाइम्स






