प्रतिमा अनावरण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
प्रतिमा अनावरण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 31 अगस्त 2026

छतरपुर में बाबा साहब डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का हुआ भव्य अनावरण

विधायक करतार सिंह तंवर एवं निगम पार्षद पिंकी नरेश त्यागी ने किया प्रतिमा का अनावरण, बड़ी संख्या में पहुंचे क्षेत्रवासी
नई दिल्ली। छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के छतरपुर वार्ड अंतर्गत डॉ. अंबेडकर कॉलोनी, शिवानी स्कूल के निकट मुख्य द्वार पर भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की भव्य प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। प्रतिमा का अनावरण छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक करतार सिंह तंवर एवं छतरपुर वार्ड की निगम पार्षद पिंकी नरेश त्यागी द्वारा किया गया। प्रतिमा के अनावरण को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह और खुशी देखने को मिली।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, कॉलोनीवासी एवं स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में जितेंद्र कुशवाहा भी विशेष रूप से शामिल हुए और उन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि डॉ. अंबेडकर कॉलोनी के मुख्य द्वार पर बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। कॉलोनीवासी इस मांग को लेकर लगातार प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर रहे थे। क्षेत्रवासियों के निरंतर प्रयास और जनप्रतिनिधियों के सहयोग के बाद आखिरकार यह मांग पूरी हुई और मुख्य द्वार पर बाबा साहब की विशाल प्रतिमा स्थापित कर उसका अनावरण किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपना पूरा जीवन सामाजिक समानता, शिक्षा, न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। भारतीय संविधान के निर्माण में बाबा साहब का योगदान ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय है। उनकी प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश देती रहेगी।

बताया गया कि छतरपुर वार्ड में इससे पहले 60 फुटा रोड पर भी बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया जा चुका है। अब डॉ. अंबेडकर कॉलोनी के मुख्य द्वार पर दूसरी प्रतिमा स्थापित होने से क्षेत्रवासियों में विशेष खुशी है। लोगों ने कहा कि मुख्य द्वार पर बाबा साहब की प्रतिमा आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति को उनके विचारों और संघर्षों की याद दिलाएगी।

कार्यक्रम के दौरान सांसद के अथक प्रयासों तथा क्षेत्रीय विधायक करतार सिंह तंवर एवं निगम पार्षद पिंकी नरेश त्यागी के सहयोग की भी सराहना की गई। स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

आजादी के 80वें वर्ष में बेघर परिवारों का सवाल | जितेंद्र कुशवाहा

प्रतिमा स्थापना एवं कार्यक्रम में विशेष सहयोगकर्ता अजय माथुर एवं हरीश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समस्त कॉलोनीवासियों एवं आरडब्ल्यूए की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं सहयोगकर्ताओं का विशेष आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर लोगों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताए मार्ग पर चलने, शिक्षा को बढ़ावा देने तथा समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। प्रतिमा के अनावरण के बाद क्षेत्र में उत्सव और खुशी का माहौल रहा।

रिपोर्टर: जितेंद्र कुशवाहा
सामाजिक जागरूकता टाइम्स



🔴 आज की ताज़ा खबरें
⏳ खबरें लोड हो रही हैं...