शिविर में चिकित्सा सेवा प्रकोष्ठ की ओर से लगभग 20–22 विशेषज्ञ एवं सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, न्यूरोलॉजी सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव दिए।
इस अवसर पर दिल्ली के विभिन्न प्रतिष्ठित अस्पतालों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा तथा कर्नाटक सहित विभिन्न राज्यों से आए लोगों ने भी इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ प्राप्त किया।
शिविर का संचालन सुव्यवस्थित एवं तकनीकी व्यवस्था के साथ किया गया। सबसे पहले DocPat के माध्यम से मरीजों का डिजिटल पंजीकरण किया गया। इसके बाद आवश्यक स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श तथा जरूरत के अनुसार हड्डियों एवं नसों से संबंधित विशेष परीक्षण किए गए। मरीजों के लिए संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई।
सभी पैथोलॉजी जांचें लाल पैथ लैब एवं अन्य प्रतिष्ठित जांच संस्थानों के सहयोग से संपन्न हुईं। वहीं India Drug तथा विभिन्न फार्मास्यूटिकल कंपनियों के सहयोग से मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर चिकित्सा सेवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. विभु आनंद ने कहा कि जनसेवा ही संगठन का सर्वोच्च उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा प्रकोष्ठ का निरंतर प्रयास है कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। जनता का विश्वास ही संगठन की सबसे बड़ी प्रेरणा है और भविष्य में भी इसी प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
डॉ. विभु आनंद ने आयोजन समिति के सभी सदस्यों, विभिन्न अस्पतालों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों, जांच टीमों, लाल पैथ लैब, विभिन्न फार्मास्यूटिकल कंपनियों, स्वयंसेवकों तथा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के केंद्रीय कार्यालय, 71 नॉर्थ एवेन्यू के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद सभी ने सेवा भाव और समर्पण के साथ कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप यह विशाल स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता और जनता का लगातार बढ़ता विश्वास इस बात का प्रमाण है कि चिकित्सा सेवा प्रकोष्ठ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन कर रहा है।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें