शुभसिता फाउंडेशन द्वारा आयोजित समारोह में जितेंद्र कुशवाहा को भारतीय राजनेता कन्हैया कुमार, लेखक एवं कवि नीलोत्पल मृणाल तथा बिहारी वेलफेयर सोसाइटी (BWS) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय भाई ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया।
समारोह के दौरान जितेंद्र कुशवाहा के सामाजिक कार्यों तथा बिहार की अस्मिता, संस्कृति और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।
जितेंद्र कुशवाहा बिहारी वेलफेयर सोसाइटी (BWS) के साथ मिलकर “जहाँ बिहार, वहाँ विकास” अभियान को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अभियान के माध्यम से बिहार के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक एकता तथा बिहार की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।
इस अवसर पर जितेंद्र कुशवाहा ने कहा, “हम गमछाधारी हैं, हम ही बिहारी हैं। हम जहां भी रहें, बिहार और बिहारियों के सम्मान तथा विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।”
जितेंद्र कुशवाहा ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने, बिहार की अस्मिता एवं संस्कृति को मजबूत करने तथा सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को राष्ट्रीय पर्व का दर्जा एवं राष्ट्रीय अवकाश दिलाने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया।
इसके साथ ही देश के विभिन्न राज्यों की राजधानियों में बिहारवासियों की सुविधा के लिए बिहार धर्मशाला निर्माण, शहरों में किराये पर रहने वाले लोगों के हित में किरायेदार कल्याण बोर्ड की मांग तथा बिहारवासियों के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े सेवा प्रकल्पों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया गया।
जितेंद्र कुशवाहा ने कहा कि “जहाँ बिहार, वहाँ विकास” की आवाज को देश के विभिन्न राज्यों और शहरों तक पहुंचाने तथा बिहार के विकास से जुड़े मुद्दों पर जन-जागरूकता बढ़ाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि बिहारी स्वाभिमान सम्मान 2026 उनके लिए व्यक्तिगत सम्मान के साथ-साथ बिहार और बिहारवासियों के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी को और मजबूती से आगे बढ़ाने की प्रेरणा है।
अनूप कुमार मौर्य
नई दिल्ली








