गुरुवार, 29 जनवरी 2026

“डिग्री नहीं, संस्कार तय करेंगे देश की दिशा – जितेंद्र कुशवाहा”

 

नई दिल्ली। समाजसेवी एवं संसार जनकल्याण एक किरण फाउंडेशन के संस्थापक जितेंद्र कुशवाहा ने कहा कि केवल डिग्रियाँ किसी देश को महान नहीं बनातीं, बल्कि बच्चों और युवाओं में दिए गए संस्कार ही राष्ट्र की सही दिशा तय करते हैं। यदि शिक्षा के साथ संस्कार नहीं दिए गए, तो वह शिक्षा समाज और देश के लिए उपयोगी सिद्ध नहीं हो सकती।

जितेंद्र कुशवाहा ने कहा कि आज के समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाना बनकर रह गया है, जबकि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य एक जिम्मेदार, संवेदनशील और नैतिक नागरिक का निर्माण करना होना चाहिए। संस्कारविहीन शिक्षा समाज में असंतुलन, हिंसा, स्वार्थ और नैतिक पतन को बढ़ावा देती है, जो भविष्य के लिए गंभीर खतरा है।

उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा ही कल के भारत का निर्माण करेगा। यदि युवा पीढ़ी स्वयं अनुशासन, ईमानदारी, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन में अपनाएगी, तभी वह आने वाली पीढ़ी को सही मार्गदर्शन दे सकेगी। युवा अपने आचरण से बच्चों के लिए आदर्श बनें—यही सबसे बड़ा योगदान होगा।

जितेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बदलते डिजिटल युग में मोबाइल और सोशल मीडिया बच्चों के जीवन पर गहरा प्रभाव डाल रहे हैं। ऐसे में माता-पिता, शिक्षक और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बनती है कि बच्चों को सही-गलत का बोध कराया जाए और उन्हें सकारात्मक संस्कारों से जोड़ा जाए।

उन्होंने कहा कि संस्कारयुक्त बच्चे ही सशक्त परिवार, सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव रखते हैं। जब शिक्षा के साथ संस्कार दिए जाएंगे, तभी गांव, समाज और देश का संपूर्ण और सतत विकास संभव हो सकेगा।

अंत में उन्होंने कहा कि देश की दिशा डिग्रियों से नहीं, बल्कि संस्कारों से तय होती है, और इसकी शुरुआत हर घर से होनी चाहिए।


मंगलवार, 27 जनवरी 2026

प्रकृति सेवा फाउंडेशन के समाजहित कार्यक्रमों से बच्चों, महिलाओं व युवाओं में दिखा उत्साह

प्रकृति सेवा फाउंडेशन द्वारा राष्ट्रीय बालिका दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर समाजहित में विविध प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। फाउंडेशन के अध्यक्ष श्दिनेश कुमार कुशवाहा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

इस अवसर पर सामान्य ज्ञान (GK) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें मोंटेसरी से कक्षा 9 तक के लगभग 80 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में महासचिव  गुलशन कुमार, मीडिया प्रभारी  दिलीप कुमार, सचिव  जितेंद्र गुप्ता, सक्रिय सदस्य रश्मि झा, संगीता एवं सिमरन कुमारी का विशेष सहयोग रहा।

26 जनवरी को 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान से हुई, जिसके बाद बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इस दौरान अनेक प्रतिभाशाली बच्चों को मंच प्रदान किया गया, जो संस्था की सामाजिक प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।

दिल्ली सरकार के NEEV कार्यक्रम के अंतर्गत जय विहार के पाँच युवाओं — आरव मौर्य, अभिषेक कुमार, धवन यादव, आयुष शर्मा एवं वरुण कुमार — को “उभरते युवा उद्यमी सम्मान” से सम्मानित किया गया। कक्षा 7 की छात्रा इशिका को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार प्रदान किया गया।


महिलाओं के लिए म्यूज़िकल चेयर प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ, जिसमें लगभग 50 महिलाओं ने भाग लिया। निर्णायक के रूप में  संतोष कुशवाहा एवं महंत प्रसाद उपस्थित रहे।

इस अवसर पर रश्मि झा, धनिल वर्मा एवं पंकज शर्मा को फाउंडेशन का सक्रिय सदस्य बनाया गया। कार्यक्रम की ध्वनि व्यवस्था में बाबा साउंड का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

प्रकृति सेवा फाउंडेशन भविष्य में भी शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं प्रतिभा प्रोत्साहन के कार्य निरंतर करता रहेगा।


गणतंत्र दिवस पर भाटी माइंस में क्विज प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

नई दिल्ली। पूर्वांचल छठ पूजा समिति भाटी माइंस के तत्वावधान में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर कालूराम चौक, भाटी माइंस में क्विज प्रतियोगिता–2026 एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण के साथ हुई तथा 11 बजे क्विज प्रतियोगिता संपन्न हुई।

क्विज प्रतियोगिता का संचालन अमित कुमार द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन समाजसेवी जितेंद्र कुशवाहा ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का सम्मान समिति के अध्यक्ष सुबोध पंडित एवं कोषाध्यक्ष अशोक पंडित द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में निगम पार्षद सुंदर तंवर की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही बिहारी वेल्फेयर सोसाइटी के अध्यक्ष संजय भाई, जनपथ न्यूज़ के निदेशक डॉ. रंजीत कुमार, गेट्स सक्सेस प्वाइंट के निदेशक संतोष शर्मा, अखिल भारतीय युवा कुशवाहा समाज दिल्ली प्रदेश के पदाधिकारी सुशील कुमार कुशवाहा, रघुवेंद्र कुशवाहा, राकेश कुमार, विश्वनाथ महतो, राजकुमार कुशवाहा, अर्जुन कुमार कुशवाहा, भाटी माइंस के समाजसेवी राकेश कुमार, लक्ष्मण कुमार, इंद्रा क्लिनिक की निदेशक डॉ. रूबी झा, सचिन ओड एवं पंकज ओड सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान .पी.जे. अब्दुल कलाम, द्वितीय स्थान स्वामी विवेकानंद, तृतीय स्थान बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, चतुर्थ स्थान सुभाष चंद्र बोस, पंचम स्थान शहीद भगत सिंह एवं षष्ठम सरदार वल्लभभाई पटेल टीम ने प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर समाजसेवी जितेंद्र कुशवाहा ने कहा कि
गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर इस प्रकार के आयोजन बच्चों में देशभक्ति, संविधान के प्रति सम्मान और महापुरुषों के विचारों को समझने का अवसर देते हैं। शिक्षा और जागरूकता से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम में बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं तथा फूड प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सहयोगी सदस्यों आशु, प्रियांशु, हिमांशु, अमन पंडित आदि का विशेष योगदान रहा।