मंगलवार, 26 मई 2026

भीषण गर्मी की चपेट में दिल्ली, 43°C तापमान ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें



अमित कुमार, नई दिल्ली दिनांक : 26/05/2026

 देश की राजधानी दिल्ली इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। लगातार बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला, वहीं जरूरी कार्यों के कारण बाहर निकलने वाले लोग गर्मी से बेहाल नजर आए।

कार्यालयों, निजी कंपनियों और अन्य कार्यस्थलों में काम करने वाले लोग मजबूरी में घरों से बाहर निकल रहे हैं। तेज धूप और लू के कारण लोगों को सिर चकराने, आंखों में जलन, शरीर में थकान और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग अपने बचाव के लिए छाता, गमछा, टोपी और पानी की बोतल साथ लेकर निकल रहे हैं। महिलाओं में भी गर्मी को लेकर विशेष सतर्कता देखी जा रही है। महिलाएं चेहरे को धूप और धूल से बचाने के लिए मास्क और स्कार्फ पहनकर बाहर निकल रही हैं।

बाजारों, बस स्टैंडों और मेट्रो स्टेशनों पर भीषण गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। सड़क किनारे लगे पानी और शीतल पेय पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी और लू के कारण बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अधिक खतरा हो सकता है।

दिल्ली सरकार ने भी बढ़ती गर्मी को देखते हुए जनता से सावधानी बरतने की अपील की है। सरकार की ओर से कहा गया है कि जिन कार्यालयों और संस्थानों में संभव हो, वहांवर्क फ्रॉम होमव्यवस्था लागू की जाए ताकि लोगों को अत्यधिक गर्मी में बाहर निकलने से बचाया जा सके। साथ ही लोगों से केवल जरूरी कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है।

 मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। तापमान में और वृद्धि होने की आशंका जताई जा रही है।
भीषण गर्मी के इस दौर में प्रशासन और स्वास्थ्य विशेषज्ञ लगातार लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। लोगों से अधिक से अधिक पानी पीने, हल्का भोजन करने और धूप में निकलते समय पूरे शरीर को ढंककर रखने की अपील की जा रही है। राजधानी दिल्ली में गर्मी का यह प्रकोप आम जनता के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें