नई दिल्ली: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के केंद्रीय कार्यालय, नॉर्थ एवेन्यू 71 में चिकित्सा सेवा प्रकोष्ठ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 5 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक में शिविर के सुचारू संचालन, चिकित्सा व्यवस्था, लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी पहुंचाने एवं कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से संचालन समिति के गठन पर विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों ने एकमत होकर इस जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने के लिए अपना पूर्ण सहयोग एवं समर्थन देने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश के डॉ. विभु आनंद ने कहा कि आज के समय में लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कई लोग नियमित स्वास्थ्य जांच एवं बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक नहीं रहते, जिसके कारण छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याएं आगे चलकर गंभीर रूप ले सकती हैं। इसी उद्देश्य से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय सलाह एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता एक महत्वपूर्ण पहल है। इस शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में जितेंद्र कुशवाहा, विकास अरोड़ा, विशाल कुमार सेठ, रामावतार चौपाल, बसंत ठाकुर, मिंटू कुमार, अनिल पासवान एवं दयानंद पासवान सहित चिकित्सा सेवा प्रकोष्ठ के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर 5 जुलाई को होने वाले स्वास्थ्य शिविर को सफल एवं जनहितकारी बनाने का संकल्प लिया।
संवाददाता – जितेन्द्र कुशवाहा
सामाजिक जागरूकता टाइम्स