नई दिल्ली: श्री ज्ञान गंगोत्री विकास संस्था एवं बाबू जगजीवन राम राष्ट्रीय फाउंडेशन (सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार), एल.आई.सी., आई.आर.सी.टी.सी., मैथली भोजपुरी अकादमी एवं यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में नई दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशनल क्लब ऑफ इंडिया में 'संत कबीर प्रकट उत्सव' का भव्य आयोजन बेहद हर्षोल्लास के साथ किया गया। जमीनी स्तर पर पिछले एक महीने से चल रही जोरदार तैयारियों के चलते कार्यक्रम में क्षमता से अधिक नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नालंदा (बिहार) के लोकप्रिय सांसद कौशलेंद्र कुमार ने की, जो विशेष रूप से इस आयोजन के लिए पटना से दिल्ली पहुंचे थे। मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल शामिल हुए। उन्होंने संस्था के बेहतरीन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें संस्था के इस तरह के कार्यक्रम में चौथी बार शामिल होने का अवसर मिला है और इनके उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए वे भारत सरकार से संस्था को 'कबीर सम्मान' देने के लिए बात करेंगे।
समारोह के दौरान उपस्थित शिक्षाविदों और विचारकों ने संत कबीर दास के जीवन और उनकी अमर वाणी पर गहरा प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर हंसराज सुमन ने कबीर की साखियों और सबद का उदाहरण देते हुए कबीर वाणी से जनमानस को भाव-विभोर कर दिया। उन्होंने कहा कि कबीर केवल एक संत नहीं, बल्कि एक महान समाज सुधारक थे, जिन्होंने सदियों पहले सामाजिक समरसता, रूढ़िवादिता के विरोध, जाति-पाति के खंडन और शुद्ध मानवतावाद का संदेश दिया था, जो आज के आधुनिक और तकनीकी युग में भी उतना ही प्रासंगिक है।
इस गरिमामयी समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय पासवान, भारतीय विश्वविद्यालय संघ के संयुक्त सचिव डॉ. आलोक कुमार मिश्रा, नेशनल बुक ट्रस्ट के निदेशक राकेश कुमार यादव, पूर्व संयुक्त निदेशक हरेंद्र प्रताप सिंह और महामंडलेश्वर नंदेश्वरानंद महाराज उपस्थित रहे।
प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता भाई भरत द्वारा मंच का कुशल संचालन किया गया। बौद्धिक विमर्श के साथ-साथ कबीर के भजनों और संदेशों पर आधारित दो बाल समूहों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरे प्रेक्षागृह को भक्तिमय व कबीरमय बना दिया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में संस्था की मानद महासचिव डॉ. रानी सिंह ने बाबू जगजीवन राम नेशनल फाउंडेशन, एल.आई.सी., आई.आर.सी.टी.सी., मैथली भोजपुरी अकादमी, दिल्ली सरकार एवं यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन महामंडलेश्वर नंदेश्वरानंद महाराज के पावन आशीर्वाद के साथ हुआ। इस अवसर पर दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से आए अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से संजय भाई (राष्ट्रीय अध्यक्ष, बिहारी वेलफेयर सोसाइटी, BWS दिल्ली), जितेंदर कुमार कुशवाहा (पीआरओ BWS), अमित कुमार पंडित (अमृत तुल्य फाउंडेशन), डॉ. सुनीता शर्मा, मंजू चौहान, डॉ. सुमित्रा सिंह (एसोसिएट प्रोफेसर, एमिटी कॉलेज), हेमलता कनोजिया, शगुन श्रीवास्तव, सत्येंद्र कुमार, ऋतु सिंह, जुगल किशोर द्विवेदी, कवि दीपक कुमार, कवि मिथलेश पटेल, रेवती रमण, वीरेंद्र कुमार चौधरी और संस्था की मीडिया प्रभारी रंजना भारती शामिल थीं।
श्री ज्ञान गंगोत्री विकास संस्था ने इस भव्य कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों, सहयोगियों और उपस्थित जनसमुदाय का सहृदय आभार व्यक्त किया।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें