माननीय चिराग पासवान से मुलाकात करते हुए डॉ. विभु आनंद एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) चिकित्सा सेवा प्रकोष्ठ, दिल्ली के पदाधिकारी।
नई दिल्ली, 28 जुलाई 2026। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के चिकित्सा सेवा प्रकोष्ठ, दिल्ली प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने माननीय केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री चिराग पासवान से शिष्टाचार भेंट कर जनहित में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, संगठन को सशक्त बनाने तथा पार्टी की सेवा एवं समर्पण की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से एक विस्तृत ज्ञापन एवं भावी कार्ययोजना (रोडमैप) प्रस्तुत किया।
यह भी पढ़ें : प्रकृति सेवा फाउंडेशन ने कारगिल विजय दिवस पर आयोजित किया भव्य प्रतिभा उत्सव, 70 बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
यह प्रतिनिधिमंडल डॉ. विभु आनंद (प्रदेश अध्यक्ष, चिकित्सा सेवा प्रकोष्ठ, दिल्ली) के नेतृत्व में पहुँचा। ज्ञापन में स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। इनमें दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर एवं स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित बस्तियों में नियमित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, मोबाइल एम्बुलेंस स्वास्थ्य सेवा की शुरुआत, पंचशील भवन में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करना तथा पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए LJP (R) हेल्थ कार्ड योजना प्रारंभ करने का सुझाव प्रमुख रूप से शामिल है।


