नई दिल्ली। अखंड भारत उत्थान महासंघ द्वारा “भारत स्वाभिमान समारोह” का भव्य आयोजन कुतुब विहार, नई दिल्ली में हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर देश के महान महापुरुषों एवं राष्ट्रनिर्माताओं के जन्मोत्सव माह को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण भव्य शोभा यात्रा रही, जो कुतुब विहार क्षेत्र में निकाली गई। इस शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और देशभक्ति नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा, जिससे वातावरण पूर्णतः राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
समारोह में प्रमुख रूप से एडवोकेट हेमंत मौर्य, एडवोकेट चंद्रगुप्त मौर्य, अनित मौर्य, कैलाश बाबू, मनोज मेहता, रामवध वर्मा, श्रीचंद मौर्य सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। साथ ही जितेंद्र कुशवाहा बुद्ध फाउंडेशन के संस्थापक एवं समाजसेवी जितेंद्र कुशवाहा की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने समाज में शिक्षा, जागरूकता और एकता के महत्व पर जोर दिया।
इस अवसर पर बुद्धा फाउंडेशन के अध्यक्ष- कैलाश बाबू को समाजसेवी जितेंद्र कुशवाहा द्वारा विजय ध्वज स्मारिका देकर सम्मानित किया गया, जो कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण एवं गौरवपूर्ण क्षण रहा।
अपने संबोधन में जितेंद्र कुशवाहा ने कहा कि “समाजसेवा ही मेरा धर्म है” और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने महापुरुषों के आदर्शों को अपनाकर समाज को सशक्त बनाने में योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान महापुरुषों के चित्रों के माध्यम से उनके जीवन एवं योगदान को प्रदर्शित किया गया, जिससे उपस्थित लोगों को प्रेरणा मिली। समारोह का वातावरण देशभक्ति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक बना रहा।
अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें