नई दिल्ली, 15 अगस्त। प्रकृति सेवा फाउंडेशन द्वारा भारत का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में कॉलोनी के बच्चों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. राजेश कुमार ‘माँझी’, सदस्य सचिव एवं हिंदी अधिकारी, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, दिल्ली मध्य–1 (का.), गृह मंत्रालय, भारत सरकार तथा जामिया मिल्लिया इस्लामिया (केंद्रीय विश्वविद्यालय), नई दिल्ली रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रवक्ता महंत प्रसाद, अवकाश प्राप्त शिक्षक गतिलाल, एमटीएनएल के अवकाश प्राप्त अधिकारी जयपाल तथा उदयभान पटेल उपस्थित रहे।
संस्था की कार्यकारिणी ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर अतिथियों ने बच्चों एवं उपस्थित नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
मुख्य अतिथि डॉ. राजेश कुमार ‘माँझी’ ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में बच्चों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, शिक्षा, मेहनत और निरंतर प्रयास का महत्व बताया। उन्होंने बच्चों से लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी एवं लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
वहीं महंत प्रसाद ने भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम एवं बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए हमारे वीर जवानों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
संस्था के अध्यक्ष दिनेश कुमार कुशवाहा ने कहा कि केवल ध्वजारोहण कर लेने या राष्ट्रीय पर्व मना लेने से ही सच्ची देशभक्ति सिद्ध नहीं होती। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह देश की प्रगति और समाज की बेहतरी में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा की शुरुआत अपने घर, परिवार और कॉलोनी से की जा सकती है।
उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देने, समय का महत्व समझाने और बचपन से ही स्वच्छता की आदत विकसित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नागरिकों से प्रत्येक कार्य समय पर करने तथा स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में उपाध्यक्ष दशरथ गोला, महासचिव गुलशन कुमार, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार गोला, कार्यालय प्रभारी लक्ष्मण गोला, मीडिया प्रभारी दिलीप, सचिव जितेंद्र गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य प्रेम सिंह कुंद्रा, राकेश कुमार जांगड़ा तथा युवा साथी आरव मौर्य का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के अध्यक्ष दिनेश कुमार कुशवाहा ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, संस्था के पदाधिकारियों, सहयोगियों, अभिभावकों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी से राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा, स्वच्छता एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने की अपील की।
अंततः राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ।
